Dnewsnetwork
बद्दी, 5 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) बैरियर के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता पवन कुमार, निवासी धमोलीयां, कालका (पंचकूला), अपने दोस्त विक्रम उर्फ विक्की, निवासी नग्गल भागा, कालका (पंचकूला), के साथ मोटरसाइकिल (नंबर HR-49K-0416) पर सनसिटी बद्दी से मड़ावाला की ओर जा रहा था।
इसी दौरान आरटीओ बैरियर के पास पीछे से आ रहे ट्रक (नंबर HR-68A-9178) के चालक ने कथित रूप से लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल चला रहे पवन कुमार सड़क के बाईं ओर गिर गए, जबकि पीछे बैठे विक्रम उर्फ विक्की सड़क के दाईं ओर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के कारण विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस थाना बद्दी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।














