जन-जन तक विकास पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – राम कुमार चौधरी

Others Politics Solan

Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि जन-जन तक विकास को पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भावगुड़ी के कोटला गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनी।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि ग्राम पंचायत भावगुड़ी में गत तीन वर्षों के दौरान विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर लगभग 47 लाख 70 हजार रुपए व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यह गति भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कोटला गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपए उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चण्डी पेयजल योजना की तर्ज पर भावगुड़ीदृजगजीतनगर पेयजल योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर स्वीकृति के लिए नाबार्ड को भेजी गई है। योजना को स्वीकृति मिलने के उपरांत क्षेत्र के लोगों को स्थाई एवं बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक ने खंड चिकित्सा अधिकारी चंडी को ग्राम पंचायत भावगुड़ी स्थित डिस्पेंसरी के भवन के मुरम्मत कार्य का विस्तृत प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जा सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को कोटला गांव में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पानी का फिल्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में पेयजल समस्या के समाधान व स्थापित हैंडपंप पर अतिक्रमण के सम्बन्ध में विभाग को तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सभी ग्रामीणों को समान रूप से पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।
रामकुमार चौधरी ने कहा कि ग्राम पंचायत भावगुड़ी में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इनकी स्थापना की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र में लो-वोल्टेज एवं बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थाई समाधान हो सके।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भावगुड़ी तथा इसके अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या के समाधान के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत भावगुडी के प्रधान तरुण कुमार, उप प्रधान जयपाल ठाकुर, अन्य पंचायत वार्ड सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

News Archives

Latest News