Dnewsnetwork
सोलन जिला की बददी पुलिस को आपरेशन मनडाउन के लिए फाइनल सिल्वर स्कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। एसपी बददी विनोद धीमान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में बढ़ते गन कल्चर और सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ धमकी भरे पोस्टों से आम जनता व उद्योग जगत में भय का वातावरण बन गया था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए बद्दी पुलिस ने वर्ष 2025 में ऑपरेशन गनडाउन शुरू किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि अभियान के दौरान पुलिस की तकनीकी टीमों ने एक हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी। सितंबर 2025 में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 13 अभियोग दर्ज किए, 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया तथा उनके अवैध हथियार जब्त किए। कुछ आरोपी अन्य राज्यों में भाग गए थे, जिन्हें भी तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने बददी में अवैध खनन के खिलाफ पूरे प्रदेश में सर्वाधिक मामले दर्ज करने व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की और महिलाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता प्रोजेक्ट चलाया। इस प्रोजेक्ट को भी स्कोच आडर आफ मेरिट एवार्ड से सम्मानित किया गया।















