-सोलन में बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें
-देशव्यापी हड़ताल को लेकर केमिस्ट्स ने बनाई रणनीति
-प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन
सोलन
देश में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में 20 मई को केमिस्ट्स और ड्रगिस्ट्स एक दिन की सांकेतिक हड़ताल करेंगे। इसका असर सोलन जिला में भी देखने को मिलेगा। जिलेभर के मेडिकल स्टोर बंद रखकर केमिस्ट्स आंदोलन का समर्थन करेंगे। यह हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एवं एचपीएससीडीए राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर की जा रही है। जिला सोलन के सभी केमिस्ट्स एवं ड्रगिस्ट्स अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना डॉक्टर की पर्ची दवाएं देने और ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट नीति के खिलाफ विरोध जताएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से भेजा जाएगा। इसमें ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने और छोटे केमिस्ट्स के हित बचाने की मांग उठाई जाएगी। जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद ने कहा कि दवाएं कोई सामान्य सामान नहीं हैं। बिना सही जांच के ऑनलाइन दवाएं बेचना लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं
एसोसिएशन के महासचिव विपुल शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में केमिस्ट्स ने लोगों तक लगातार दवाएं पहुंचाईं। इसके बावजूद ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर बार-बार शिकायतें देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ऑनलाइन दवा डिलीवरी पर सख्ती की मांग
ज्ञापन में जीएसआर 817 (ई) और जीएसआर 220(ई) को वापस लेने की मांग भी उठाई जाएगी। एसोसिएशन का कहना है कि इन नियमों का गलत इस्तेमाल कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दवाओं की तेजी से होम डिलीवरी कर रहे हैं। केमिस्ट्स ने सरकार से मरीजों की सुरक्षा और छोटे लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोरों के हितों की रक्षा के लिए जल्द सख्त कदम उठाने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।















