-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिलीं 115 इलेक्ट्रिक बसें, ऊना के पुराने बस अड्डे पर बनेगा सिटी सेंटर : मुकेश अग्निहोत्री
DNEWSNETWORK
हरोली (ऊना), 2 अगस्त. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ई-चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ करने के साथ चार नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा हरोली–श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की।
इस अवसर पर हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 इलेक्ट्रिक बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने बताया कि हरोली स्थित प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महज दो वर्षों में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद आज हरोली को क्षेत्रीय कार्यालय एवं प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के रूप में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों का लंबे समय से संजोया गया ई-बस डिपो का सपना भी साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ हरोली प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है।
कांगड़ा में भी बनेगा ई-बस डिपो
अग्निहोत्री ने बताया कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को ऊना से भी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब प्रदेश का पहला ई-बस डिपो भी हरोली में बन गया है। विरोधी भी सोच रहे होंगे कि यह कैसे हो गया। जिन्हें विकास से परहेज़ है उनको हर अच्छे काम से पीड़ा होती है।
अंब बस अड्डा एक वर्ष में बनेगा, चिंतपूर्णी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
चिंतपूर्णी विधानसभा के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश तथा प्रदेश से बाहर रहने वाले माता के श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में उदारतापूर्वक योगदान देने का आह्वान किया, ताकि इस परियोजना को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा सके।
बल्क ड्रग पार्क को 1000 करोड़, ऊना के पुराने बस अड्डे पर बनेगा सिटी सेंटर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी। उन्होंने घोषणा की कि ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले में एक टायर रिट्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।
*अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करता रहूंगा*
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्तिगत उपलब्धि की आकांक्षा नहीं है। वे अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरोली का प्रत्येक व्यक्ति, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उनके लिए समान महत्व रखता है और क्षेत्र का समग्र विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू ने हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना को क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने अंब बस अड्डे और माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के लोकार्पण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कांगड़ा में ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।














