महिला अपराधों पर बददी पुलिस होगी और सख्त

Baddi + Doon Crime

डीएनएन बददी
पुलिस जिला बद्दी की जिला अपराध बैठक एसपी राहुल नाथ की अध्यक्षता में हुई। इसमें पुराने मामलों की समीक्षा की गई और कुछ खास निर्णय भी लिए गए। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस को और सख्त होने के निर्देश दिए गए है। कोई भी महिला पुलिस के पास आए तो प्रारंभिक न्याय के बगैर न जाए। एस.पी. राहुल नाथ ने सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अगले तीन माह में सभी कार्य पूरे करें और साथ ही अगला लक्ष्य पूरा करें। कामकाज की रफ्तार तेज करने के साथ साथ सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस नीति पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाशत नहीं की जाएगी। हालांकि बददी में महिला पुलिस चौकी है, लेकिन अब पुलिस थानों में ही महिला एसआईयू यूनिट स्थापित करने की बात हुई। इसमें अब चालीस किमी दूर रामशहर थाना क्षेत्र की महिलाएं अपने ही थाने में शिकायत दर्ज करवा सकेंगी। महिला पुलिस थाना बददी में सिर्फ विशेष केस ही भेजे जाएंगे। डीएसपी मुख्यालय राहुल शर्मा ने बताया कि बीबीएन पुलिस ने पिछले दिनों में बेहतर काम किया है और अधिकांश लंबित मामले सुलझा लिए गए हैं। बरोटीवाला थाना ने अपने 25 लंबित केस हल कर लिए वहीं बददी थाना ने अपने 17 केस हल कर लिए हैं। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की एसपी ने पीठ थपथपाई और कहा कि पुलिस से लोगों को बहुत अपेक्षाएं है और हमारी जिम्मेदारी भी बहुत बढ़ जाती है। बददी में विकराल होती ट्रैफिक समस्या पर भी मंथन हुआ और सड़कों व चौराहों की चौड़ाई बढ़ाने के लिए बीबीएनडीए व संबधित विभागों से संपर्क करने की बात उठी। अगर सड़कें चौडी व दुरुस्त होंगी तो यातायात की समस्या भी हल हो जाएगी।

 

News Archives

Latest News